भोजपुर में युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंका, बदन पर कई जगह जख्‍म के निशान, छानबीन में जुटी पुलिस


आरा:
 भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिन्हा ओपी के पोरहां इलाके में एक युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। साथ ही साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को खेत में फेंक दिया गया। शुक्रवार की सुबह पोरहां गांव के उत्तर स्थित खेत के समीप गड्ढे से युवक का शव बरामद होते ही सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पिटाई के दौरान मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव का पोस्टमाॅर्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। पुलिस के अनुसार पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के  सही वजह का  खुलासा हो सकेगा। मृतक के मुंह, सिर व हाथ के भाग में जख्म का निशान पाया गया है। घटना को लेकर काफी देर भीड़ लगी रही।

बताया जाता है कि सिन्हा ओपी के पोरहां इलाके के ग्रामीण शुक्रवार की सुबह कृषि कार्य के लिए खेत की ओर गए थे। इस दौरान खेत से सटे गड्ढे में एक अज्ञात 38 वर्षीय युवक का शव देखा तो हतप्रभ हो गए। इसके बाद शोर मचाए जाने के बाद काफी संख्या में वहां किसान जुट गए। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सिन्हा ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया।

इधर, हत्या व शव बरामदगी के बाद पुलिस मारे गए युवक के शिनाख्त के प्रयास में जुट गई है। पुलिस के अनुसार किसी गुप्त स्थान पर हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को यहां फेंका गया है। जांच चल रही है। पहचान की दिशा में प्रयास जारी है। इधर, पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में युवक की मौत मुंह दबाने के कारण होना प्रतीत होना दर्शाया गया है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। खबर लिखे जाने तक मारे गए की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST