पटना में वार्ड सैनिटाइज करा रहे पार्षद को बेखौफ अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर


पटना: 
राजधानी में पुलिस को धता बताते हुए बेखौफ अपराधी रोज बड़ी-बड़ी वारदात को अंजाम दे दे रहे हैं। बुधवार की सुबह ऐसी ही एक घटना सामने आई है। खगौल के गाड़ीखाना चाणक्यपुरी में वार्ड आठ के पार्षद दीपक पासवान को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना उस वक्त हुई जब पार्षद अपने क्षेत्र में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन का कार्य करवा रहे थे।

वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। स्थानीय लोगों और स्वजनों की मदद से घायल पार्षद को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन करने पहुंच गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बताते चलें कि दीपक पासवान की पत्नी भी वार्ड सात की पार्षद हैं।

दीपक पासवान वार्ड आठ के पार्षद हैं, जबकि उनकी पत्नी वार्ड सात की पार्षद है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह दीपक अपने वार्ड में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे और दीपक को पीछे से गोली मार दी। इसके पहले स्थानीय लोग कुछ समझ पाते अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से घायल पार्षद दीपक पासवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST