मुजफ्फरपुर में लेन-देन के विवाद में गोलीबारी:एक की मौके पर मौत, दो गंभीर रूप से घायल, सरैया में बवाल, मौके पर से प्रेस कॉर्ड और माइक की भी बरामदगी


मुजफ्फरपुर  :
मुजफ्फरपुर एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। घटना सरैया थाना क्षेत्र के अम्बारा रेवा गांव की है। बुधवार शाम रुपए के लेनदेन के विवाद में दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। देखते-देखते दोनों तरफ से गोलीबारी होने लगी। इससे मौके पर एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृत युवक की पहचान स्थानीय प्रणव कुमार (30) के रूप में हुई है। घायलों में बेगूसराय का केशव और जहानाबाद का राकेश कुमार है।

दोनों को SKMCH में भर्ती कराया गया है। पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है। इधर, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा। रेवा रोड को जाम कर हंगामा करने लगे। SDPO राजेश शर्मा, थानेदार रविन्द्र कुमार और QRT मौके पर पहुंची। उग्र लोगों को समझाकर शांत कराया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

घटनास्थल पर जांच के दौरान जिस कार में प्रणव का शव पड़ा था। उसमें से प्रेस का कार्ड और एक माइक भी मिला था। पुलिस इसकी जांच कर रही है। मौके से कुछ हथियार और खोखा भी जब्त हुआ है। लेकिन, पुलिस अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है।

SSP जयंत कांत ने बताया की प्रणव ने घायल युवकों से नौकरी के नाम पर लाखों रुपए लिए थे। आज वे दोनों पैसा लेने आये हुए थे। एक घर मे बैठकर सभी आपस मे लेनदेन का मसला सुलझा रहे हैं। इसी दौरान तीनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग की गई। इसमें एक कि मौत और दो घायल हुए हैं।


पुलिस की माने तो इस घटना में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कई और भी लोग शामिल हैं। कुछ कथित मीडियाकर्मियों की भी इसमें संलिप्तता सामने आई है। उनसे भी पूछताछ की कवायद की जा रही है। घायल और मृतक के परिजन का बयान दर्ज करने की कवायद की जा रही है।

घटना के बाद गांव में कई तरह की अफवाहें उठने लगी। कोई गैंगवार तो कोई शराब के लेनदेन समेत कई तरह की बाते करने लगा। हालांकि, SSP ने बयान जारी कर सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST