सुशील मोदी का ओवैसी पर हमला, बोले- हैदराबाद में BJP की जीत हिंदुस्तान के नाम से गुरेज करने वालों को तमाचा

पटना। बिहार के उप मुख्यमंत्री रहे सुशील मोदी ने शनिवार को एक के बाद एक कई ट्वीट कर विपक्ष पर कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के चुनाव में भाजपा की शानदार सफलता से देश की साइबर सिटी में धार्मिक कट्टरता, अलगाववाद और निजामियत को बढ़ावा देने वाले ओवैसी की राजनीति पर लगाम लगेगी।  


मात्र पांच सीट जीतने पर बढ़ गया दुस्साहस

पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि बिहार की पांच विधानसभा सीट जीतने के बाद एआइएमआइएम का दुस्साहस इतना बढ़ गया था कि उसके एक विधायक को हिंदुस्तान के नाम पर आपत्ति हो रही थी। अब उसे उसके गढ़ में चुनौती देने का साहस केवल भाजपा दिखा सकी। 

कई दक्षिणी राज्यों में पार्टी का जनाधार बढ़ेगा

हैदराबाद विजय से तेलंगाना सहित कई दक्षिणी राज्यों में पार्टी का जनाधार बढ़ेगा। इसके लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई। 

राजद ने 15 वर्षों के राज में किसानों के लिए क्या किया

अगले ट्वीट में मोदी ने लिखा कि किसानों के लिए लाभकारी नये कृषि कानून का विरोध करने से पहले राजद को बताना चाहिए कि उन्होंने अपने 15 वर्षों के राज में किसानों के लिए क्या किया? आगे लिखा जिनके राज में किसान नक्सली हिंसा और लूटपाट के चलते खेती नहीं कर पाते थे, उन्हेंं पलायन करना पड़ा था, वे गांधी की प्रतिमा के सामने किस मुंह से धरना देने चले गए? एमसीसी को संरक्षण देने और माओवाद से हाथ मिलाने वाले गांधीवाद को धोखा देना चाहते हैंं। गौरतलब हो कि एक दिन पहले शुक्रवार को भी सुशील मोदी ने ट्वीट कर राजद पर कटाक्ष किया था। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसा था। गांधी मैदान में तेजस्वी के धरना देने पर लिखा, राजद के 15 वर्ष के राज में दलितों के सामूहिक संहार, फिरौती के लिए 17000 लोगों का अपहरण और पंचायत से संसद तक के लिए हुए कुल नौ चुनावों में 641 हत्याएं हुईं, लेकिन तब उन्हेंं गांधीजी के सिद्धांत की याद क्यों नहीं आई। 

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST