सीतामढ़ी में चुनावी रंजिश में हत्या करने वालों की गिरफ्तारी नहीं होने से भड़का आक्रोश, सड़क जाम


सीतामढ़ी:
बैरगनिया में चुनावी रंजिश में डीलर के देवर की हत्या से आक्रोश अभी गहराया हुआ है। गुरुवार रात बदमाशों ने आदमवान निवासी 24 वर्षीय सुबोध की पीट पीटकर हत्या कर दी। तीन दिन बाद भी मृतक के स्वजन दाह-संस्कार नहीं कर पाए हैं। हत्या में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर आक्रोशितों ने बैरगनिया-सीतामढ़ी मुख्य पथ को मुसाचक पेट्रोल पंप के पास जाम कर दिया। युवक के शव के साथ सड़क पर उतरे लोगों ने आगजनी की। पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया। सदर एसडीपीओ रमाकांत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। आक्रोशितों को समझा-बुझाकर शांत कराया। आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। तब 6 घंटे बाद सड़क जाम हटा।

बताते चलें कि इस हत्याकांड में 14 पर प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। उनमें रामाशीष शाह, राजकिशोर साह, भूखू साह, संजीव साह, छत्तीस राय, सुभाष राय, विशेष पंडित, मुन्ना पंडित, चंदन पासवान, नंदन पासवान, श्रेष्ठ दास, मोहन पंडित, रामू पंडित, अमृत दास शामिल हैं। थानाध्यक्ष अमिता सिंह ने बताया कि मृतक सुबोध साह (23) के बड़े भाई नंदू साह की पत्नी शिवकुमारी देवी जन वितरण प्रणाली विक्रेता हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे सुबोध खाना खाकर घर में था। विधानसभा चुनाव की बात करने के लिए कुछ लोग उसे बुलाकर ले गए। जहां से वह रात में घर नहीं लौटा। सुबह खोजबीन करने के बाद सुबोध का शव उसके घर से 300 मीटर की दूरी पर एक बांसवाड़ी में मिला।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST