विपक्ष पर बरसे राजनाथ सिंह, कहा- सत्ता त्याग देंगे लेकिन देश की एक इंच जमीन नहीं जाने देंगे


टुडे बिहार न्यूज़, डेस्क: 
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सत्ता को त्याग देंगे लेकिन भारत की एक इंच जमीन को जाने नहीं देंगे। हम पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध चाहते हैं। हम न तो किसी की एक इंच जमीन लेंगे और न देंगे। उन्होंने कहा बिहार रेजीमेंट के जवानों का बलिदान भुलाया नहीं जा सकता। वे उन माताओं को नमन करते हैं, जिनकी कोख से उन जवानों ने जन्म लिया था। केंद्रीय रक्षा मंत्री केसरिया विधानसभा के हुसैनी स्थित डीपी उच्च विद्यालय के प्रांगण में जदयू प्रत्याशी शालिनी मिश्रा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

 
उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम पैदा कर रहे हैं कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा कर लिया है। ऐसे लोगों को 1962 से 2013 तक का इतिहास याद करना चाहिये। जबकि हकीकत यह है कि हमारे जवानों ने अपनी शहादत देकर मातृ भूमि की रक्षा की है। इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिये। हमारे देश के जवानों ने हमेशा शौर्य व पराक्रम का परिचय दिया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि हम घुटने टेकने का चरित्र नहीं रखते। राजद पर तंज कसते हुए कहा कि लालटेन फूट गया है और तेल बह गया है। कुछ लोग नौजवानों को गुमराह कर रहे है कि उन्हें नौकरी देंगे। राजद के 15 सालों के शासनकाल में प्रतिभाओं का पलायन हुआ। 


रक्षा मंत्री ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार पर कभी भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा। बिहार के कुछ लोग मर्यादाओं को लांघ रहे हैं। लेकिन नीतीश कुमार ने कभी मर्यादाओं को नहीं लांघा। हम जो वादा करते हैं उसे निभाते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिये हमने बिल लाया है। जिसे कांग्रेस कहती है कि इस बिल से किसानों का शोषण होगा। जबकि यह बिल लागू होने के बाद छोटे किसानों की भी आमदनी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम पैदा कर रहे हैं कि शालिनी भाजपा की प्रत्याशी नहीं है। ऐसे लोगों को वे साफ कर देना चाहते हैं कि शालिनी भाजपा की प्रत्याशी हैं। वह पीएम मोदी व राजनाथ सिंह की प्रत्याशी हैं। उन्होंने कहा कि जैसे क्रिकेट में सचिन व सहवाग की ओपनिंग जोड़ी है उसी तरह मोदी व नीतीश की जोड़ी है।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST