जगदीशपुर: नगर में 21. 64 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण,विकास कार्यो को बड़े स्क्रीन पर नगरवासियों ने देखा

जगदीशपुर/आरा| (सूरज कुमार राठी) नपं मुख्य पार्षद मुकेश कुमार गुड्डू ने जगदीशपुर नगर में क्रियान्वित कराए गए कूल 21 करोड़ 64 लाख 65 हजार 165 रुपये की लागत से विभिन्न पीसीसी सड़क निर्माण व आरसीसी नाला का लोकार्पण सह उद्घाटन किया। 

                  इसको लेकर बुधवार की शाम झमाझम बारिश के बीच ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किला परिसर स्थित रामलीला मैदान में नपं मुख्य पार्षद के अध्यक्षता में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पंचायत, क्षेत्र के सभी वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों व उपलब्धियों को नगरवासियों को अवगत कराने के उद्देश्य से डिजिटल माध्यम से बड़े स्क्रीन पर नगर के विकास कार्यों व तमाम उपलब्धियों से जुड़े वीडियो के माध्यम से सार्वजनिक कर नगरवासियों को अवगत कराया गया।
     
                 समारोह को संबोधित करते हुए नपं मुख्य पार्षद मुकेश कुमार गुड्डू ने पिछले 10 वर्ष पहले व वर्तमान समय के स्वरूप पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व जगदीशपुर नगर, में पक्की नाली सड़क नहीं रहने के कारण बरसात में पूरे वार्ड सहित नगर में कीचड़ का अंबार लगा रहता था। मुख्यमंत्री शहरी नाली गली पक्कीकरण योजना के तहत आज पूरे नगर क्षेत्र में नाली गली पक्कीकरण का शतप्रतिशत कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि आज से लगभग आठ वर्ष पूर्व जगदीशपुर स्थित शक्तिपीठ माॅ काली मंदिर श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए पक्की सड़क नहीं थी। बरसात के मौसम में तो कठिनाई व बढ़ जाती थी, लेकिन सर्वप्रथम 2012 में तत्कालीन मुख्य पार्षद सह पत्नी रीता कुमारी के कार्यकाल में काली मंदिर आने-जाने के लिए पक्की सड़क के अलावे स्ट्रीट पोल लाइट लगवाया गया। नगर क्षेत्र के सभी मुसलमान भाई-बहनों के लिए वार्ड संख्या-03 राजा के पोखरा स्थित ईदगाह का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराने के साथ साथ ईदगाह आने जाने के लिए पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया। आगे मुख्य पार्षद ने कहा कि वर्ष 2012 से पहले नगर की मुख्य सड़कें एवं गलियों में अंधेरा छाया रहता था। आज पूरा नगर रोशनी से नहाया हुआ दिखता है। लोग बेहिचक रात्रि में भी पैदल आ-जा सकते हैं।


बोले मुख्य पार्षद- बयानबाजी करने वाले दिल से पूछें कि कितना परिवर्तन हुआ

मुख्य पार्षद ने बिना किसी का नाम लिये सोशल मीडिया पर गलत अफवाह एवं विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि बयानबाजी करने वाले भी अपने दिल से पूछें कि जगदीशपुर में कितना परिवर्तन हुआ है। जगदीशपुर में लोगों के घूमने एवं टहलने के लिए सुविधा के नाम पर एक पार्क तक नहीं था। आज ब्लाॅक मोड़ के समीप यूको पार्क नगर के सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। इसके अलावे वीर कुंवर सिंह किला मैदान का भी सौन्दर्यीकरण कराया गया जो कि जगदीशपुर की जनता से छुपा नहीं है। परन्तु विरोधियों एवं असमाजिक तत्वों के द्वारा वीर कुंवर सिंह किला परिसर में कराये गये सौन्दर्यीकरण को धूमिल किया जा रहा है। इसके अलावे मुख्य पार्षद ने नगर क्षेत्र के कुल 18 वार्डों में क्रियान्वित कराए गए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों के बारे में भी नगरवासियों को अवगत कराया।

नगरवासियों से कोरोना काल में उपलब्धियों को गिनाया

मुख्य पार्षद मुकेश कुमार गुड्डू ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना काल में नगरवासियों की हरसंभव मदद कर एक नई गाथा लिखी गई। उक्त अवधि में जिला पदाधिकारी द्वारा नगर क्षेत्र में सामुदायिक रसोई घर के संचालन करने का निर्देश प्राप्त होने के प्रथम दिन से ही टाउन हाॅल में सामुदायिक रसोई केन्द्र का संचालन शुरु कर दिया गया। गरीब असहाय लोगो की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए अन्य तीन स्थानों पर भी सामुदायिक रसोई केंद्र का संचालन किया गया। जो लगभग डे़ढ़ माह से अधिक सफलतापूर्वक चला। देश में लाॅक डाउन के दौरान पुरे नगर क्षेत्र में विशेष सफाई, सेनेटाईटर का छिड़काव कराने समेत नगर क्षेत्र में कुल आठ प्रमुख स्थानों पर फुल बाॅडी ऑटोमैटिक सेनेटाईजर मशीन अधिष्ठापित करा दिया गया जो कि उस वक्त पुरे बिहार के किसी भी नगर निकाय में नहीं लगवाया गया था। इसके अलावे नगर क्षेत्र के कुल 6000 हजार घरों तक राहत सामग्री भी बांटने का कार्य किया गया था।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत पूरे नगर क्षेत्र में कार्य

मुख्य पार्षद ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत पूरे नगर क्षेत्र में 2438 परिवारों का शौचालय निर्माण कराया गया साथ ही कुल 137 भूमिहीन परिवार के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना पर बोलते हुए मुख्य पार्षद ने बताया कि पूरे नगर क्षेत्र में अब तक तीन चरणों में कुल 3135 लाभुकों के आवास निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसमें प्राप्त आवंटन के तहत कुल 946 लाभुकों को आवास योजना का लाभ दिया जा चुका है। शेष बचे लाभुकों को भी आवंटन प्राप्त होते ही राशि दे दी जाएगी।

लोकापर्ण कार्यक्रम में ये मौजूद रहे

लोकापर्ण कार्यक्रम में उप मुख्य पार्षद संतोष कुमार यादव,  प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण मुरारी, नगर अभियंता रौशन कुमार पांडे, सभी वार्ड पार्षद गण व कार्यालय कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST