दो लड़कियां कर रही थीं समलैंगिक विवाह की तैयारी, मौके पर पहुंच गई पुलिस, फिर क्या हुआ... जानिए

मुजफ्फरपुर। जिला अंतर्गत कुढऩी थाना क्षेत्र के एक गांव में दो लड़कियां समलैंगिक विवाह की तैयारी में थीं। स्वजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों को कब्जे में लेकर उनके उम्र का सत्यापन करा रही है। हालांकि दोनों स्वयं को बालिग बता रहीं हैं। दोनों लड़कियां पड़ोसी हैं। बताया जाता है कि बचपन से दोनों का साथ रहा है। दोनो ने दसवीं तक साथ-साथ पढ़ाई की है, जिसदौरान उनकी नजदीकी बढ़ी जिसने प्रेम प्रसंग का रूप ले लिया। इस संबंध में डीएसपी पश्चिमी कृष्णमुरारी प्रसाद ने बताया कि दोनों की उम्र का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।  


दोनों लड़कियां जल्द शादी की तैयारी में थीं। समलैंगिक शादी की दोनों ने जब जिद पकड़ी तो इनके स्वजन सकते में आ गए। स्वजनों ने इसकी सूचना कुढऩी थाना पुलिस को दी। पुलिस, स्थानीय लोगो व स्वजनों ने दोनों को समझाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन दोनों टस से मस नहीं हुईं। कुढऩी थाना पुलिस ने इस मामले से जिला के वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर दोनों को मुख्यालय भेज दिया गया। जहां पूछताछ के बाद दोनों को फिलहाल महिला थाना पुलिस के सिपुर्द कर दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। 

जिला पुलिस मुख्यालय में पहुंची एक लड़की की वेष-भूषा लड़कों जैसी थी। उसके बाल भी लड़कों जैसे कटे थे। उसने लड़कों वाले कपड़े भी पहन रखे थे। दूसरी लड़की ने कुर्ता- सलवार पहना था ।

पुलिस ऑफिस में मची हलचल

पुलिस ऑफिस में दोनों के पहुंचते ही वहां हलचल मच गई। सबके लिए दोनों कौतूहल का विषय रहीं। हालांकि दोनों गुमसुम ही रहीं। दोनों हमेशा एक दूसरे का हाथ पकड़े हुए ही रहीं।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST