40 स्पेशल ट्रेनों से आज लगभग 60 हजार प्रवासी आएंगे बिहार, अबतक 3 लाख आए, इनमें सबसे अधिक गुजरात से, अभी 20 लाख इंतजार में

PATNA : श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से मजदूरों और प्रवासियों की घर वापसी लगातार जारी है। लॉकडाउन में कल-कारखाने बंद रहने और काम ना मिलने की वजह से ये प्रवासी लगातार बिहार लौट रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अलग-अलग राज्यों से आज करीब 60 हजार प्रवासी मजदूर बिहार आएंगे। शनिवार को करीब 40 ट्रेनें बिहार के अलग-अलग जिलों में आनेवाली है। इससे पहले शुक्रवार को भी 36 ट्रेनों से प्रवासी अपने-अपने घर लौटे थे।

जानकारी के अनुसार प्रवासियों को लेकर 15 मई तक 231 श्रमिक स्पेशल ट्रेन बिहार पहुंच चुकी हैं। अब तक लगभग 3 लाख लोगों की वापसी हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा लोग गुजरात से आए हैं। गुजरात से अब तक 37 ट्रेनें बिहार पहुंची हैं। आपको बता दें कि एक ट्रेन में तकरीबन 1200 लोग वापस आ रहे हैं। शनिवार को भी यह सिलसिला जारी है है। अब तक प्रवासियों को लेकर गुजरात से 37, महाराष्ट्र से 34, पंजाब से 28, राजस्थान से 26, हरियाणा से 21, कर्नाटक और तमिलनाडु से 11-11 दिल्ली से 9, आंध्र प्रदेश से 8 और चंडीगढ़ से 4 ट्रेनें आ चुकी हैं।

एक अनुमान के अनुसार तकरीबन 20 लाख लोग ऐसे हैं जो घर वापसी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे लोगों ने बिहार लौटने की इच्छा जताई है। राज्य सरकार सभी को बिहार लाने का हरसंभव प्रयास कर रही है।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST