अभिनेता इरफान खान की तबियत बिगड़ी, सांस लेने में तकलीफ के कारण कोकिलाबेन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया

मुंबई. बॉलीवुड एक्टर इरफान खान को मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार सुबह इरफान बाथरूम में गिर गए थे। उन्होंने सांस लेने में दिक्कत और अचानक कमजोरी की शिकायत की। इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। फिलहाल, उनकी तबियत को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। पिछले दिनों इरफान की मां सईदा बेगम का जयपुर में इंतकाल हो गया था। मगर लॉकडाउन और तबियत खराब होने के कारण इरफान मां के जनाजे में भी शामिल नहीं हो पाए थे। उन्होंने जयपुर में परिजन से वीडियो कॉल पर बात की थी।
दो साल पहले बीमारी के बारे में इरफान को पता चला
दो साल पहले मार्च 2018 में इरफान को अपनी बीमारी का पता चला था। उन्होंने खुद फैंस के साथ यह खबर साझा की थी। उन्होंने ट्वीट किया था, 'जिंदगी में अचानक कुछ ऐसा हो जाता है, जो आपको आगे लेकर जाता है। मेरी जिंदगी के पिछले कुछ दिन ऐसे ही रहे हैं। मुझे न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर नामक बीमारी हुई है। लेकिन, मेरे आसपास मौजूद लोगों के प्यार और ताकत ने मुझमें उम्मीद जगाई है।' बीमारी का पता लगने के बाद इरफान खान इलाज कराने लंदन गए थे। वहां वे करीब एक साल रहे और फिर अप्रैल 2019 में भारत लौटे। 
2019 में इलाज करवा कर लौटे थे इरफान
वापसी के बाद उन्होंने अपनी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' की शूटिंग राजस्थान में शुरू की और फिर आगे के शेड्यूल के लिए लंदन चले गए थे, जहां वे डॉक्टर्स के संपर्क में भी रहे। हालांकि, लॉकडाउन के चलते यह फिल्म सिर्फ दो दिन ही सिनेमाघरों में चल पाई। फिल्म के ट्रेलर रिलीज से पहले इरफान ने फैन्स के लिए यू-ट्यूब पर अपना इमोशनल मैसेज छोड़ा था। उन्होंने कहा था, "हैलो भाइयों-बहनों, नमस्कार। मैं इरफान। मैं आज आपके साथ हूं भी और नहीं भी। खैर, ये फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' मेरे लिए बहुत खास है। सच...यकीन मानिए, मेरी दिली ख्वाहिश थी कि इस फिल्म को उतने ही प्यार से प्रमोट करूं, जितने प्यार से हम लोगों ने बनाया है। लेकिन, मेरे शरीर के अंदर कुछ अनवॉन्टेड मेहमान बैठे हुए हैं। उनसे वार्तालाप चल रहा है। देखते हैं किस करवट ऊंट बैठता है। जैसा भी होगा आपको इत्तिला कर दी जाएगी।"
वैसे इरफान डॉक्टरों की राय लेने के लिए लंदन आते-जाते रहते हैं मगर पिछले डेढ़ महीने से जारी लॉकडाउन के चलते सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द हैं। इसलिए, वे मुंबई से बाहर नहीं जा पाए।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST