कोरोना के छः और मरीज मिले, नालंदा में डॉक्टर सहित चार और बक्सर को दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, अबतक 93 संक्रमित

पटना/नालंदा. रविवार को बिहार में कोरोना के सात और मरीजों की पुष्टि हुई। इसमें नालंदा के चार, बक्सर के दो औरआरा के एक मरीज हैं। बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 93 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
नालंदा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा 12, 18 और 22 वर्षीय तीन युवकों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। ये सभी दुबई से लौटे युवक के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। 
नालंदा में अब तक 11 मरीजों की पुष्टि हुई है जिसमें दो लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 11 अप्रैल को जिले के खासगंज इलाके से कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद उसकी ट्रैवल हिस्ट्री ली गई थी। वह दुबई से 21 मार्च को दिल्ली और 22 मार्च को पटना पहुंचा था। इसके बाद दो अप्रैल तक पटना स्थित ससुराल में रहा। तीन अप्रैल को वह घर लौटा। इस मरीज से परिवार के अब तक पांच लोग संक्रमित हो गए। इसमें नालंदा के चार और पटना के एक मरीज शामिल हैं।
बक्सर में एक महिला और एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गुरुवार को पॉजिटिव मिले दो युवकों के संपर्क में आने से ये दोनों संक्रमित हो गए। जिले में अब तक कोरोना के चार मरीजों की पुष्टि हुई है। पहले मिले दोनों युवक पश्चिम बंगाल के आसनसोल से लौटे थे। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST