बिहारशरीफ से टाटा जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त , 2 की मौत , दर्जनों घायल

रांची । राजधानी रांची के बुंडू में शुक्रवार को भोर में बड़ा हादसा हुआ है। बिहार के बिहारशरीफ से टाटा जा रही बस दुर्घटनाग्रस्‍त हो गई। एनएच-33 रांची-टाटा मार्ग पर बुंडू थाना क्षेत्र के बाडेटोला नए अनुमंडलीय अस्पताल के समीप गुरुवार की रात लगभग दो बजे एक यात्री बस के खड़े ट्रक से टकरा जाने से एक 10 वर्षीय बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना में लगभग एक दर्जन यात्री घायल हो गए। बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को रिम्स, रांची भेज दिया गया। इनमें से कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बस बिहार शरीफ से जमशेदपुर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार ब्रेकडाउन होने की वजह से कोयला लदा ट्रक संख्या जेएच13सी-0570 रात एक बजे से खड़ा था। इस बीच रात्रि लगभग  लगभग दो बजे बिहार के बिहार शरीफ  से टाटा के लिए तेजी से जा रही बदौनी नामक यात्री बस संख्या बीआर21जे-1878 खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दाहिने साइड से बस के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी 10 वर्षीया कोशिका कुमारी की मौत रिम्स ले जाने के क्रम में हो गई। खबर लिखे जाने तक दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। दुर्घटना में मृत कोशिका कुमारी के माता-पिता व भाई-बहन भी जख्मी हैं। इसमें कोशिका के पिता सपना साहू, भाई आदित्य साहू, मां संगीता देवी व अंश कुमार शामिल हैं।
दुर्घटना के मृतक
  1. कशिश कुमारी
  2. एक अन्‍य
बस हादसे में घायल
सपना साहू 35 वर्ष, आदित्य कुमार 8 वर्ष, संगीता देवी 30 वर्ष, अंश कुमार 2 वर्ष मानगो जमशेदपुर, बसंती देवी 58 वर्ष, रूही देवी 35 वर्ष बिरसा नगर टाटा, सोहनी कुमारी 12 वर्ष, सरिता देवी 26 वर्ष, छोटी कुमारी 5 वर्ष चरूआमा बिहारनिवासी घायल हैं। अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर राणा ने बताया कि पांच वर्षीया बच्ची छोटी कुमारी की हालत चिंताजनक है। उसके सिर में गंभीर चोट है।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST