नाले के लिए गड्ढा खोद रहे मजदूर पर गिरी दीवार, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में नाले के लिए गड्ढा खोद रहे एक मजदूर पर दीवार गिरने से उसकी मौत हो गई। घर में लगे सीसीटीवी में ये घटना कैद हो गई। लोगों ने मलबा हटाकर मजदूर के शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान अरविंद पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गलत तरीके से नाला बनाया जा रहा था और इसी के चलते ये हादसा हुआ है। मकान मालिक नीना सिंह ने दीवार गिरने को लेकर नगर निगम पर 10 लाख रुपए का दावा ठोका है। 
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शहर के मिठनपुरा इलाके के रामबाग में नाला बनाने के लिए मकान के बगल में गड्ढा खोदा जा रहा था। मजदूर रविवार देर रात काम कर रहे थे। एक मजदूर मकान की दीवार के पास गड्ढा खोद रहा था। वह जैसे ही मिट्टी पर कुदाल चलाता पीछे की दीवार हिलती। उसे इस बात का तनिक अंदाजा नहीं था कि पीछे की दीवार कमजोर हो चुकी है। काम करने के दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। सबकुछ इतनी जल्दी हुआ कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। वहां काम कर रहे दूसरे मजदूरों ने मलबा हटाकर अरविंद को बाहर निकाला और उसे डॉक्टर के पास ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST