नशे में धुत राजद नेता को छुड़ाने के लिए पुलिस गश्ती दल पर हमला, एक जवान गंभीर

BUXAR: बिहार में शराबबंदी को मुंह चिढ़ाता हुआ एक और मामला सामने आया है। बक्सर के कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के नोनिया डेरा में शुक्रवार की देर रात नशे में धुत डुमरांव प्रखंड राजद अध्यक्ष और सोवा पंचायत का पूर्व मुखिया मनोज कुमार ठाकुर को छुड़ाने के लिए उनके समर्थकों ने पुलिस के गश्ती दल पर हमला बोल दिया। वारदात में जमादार बांका चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि मनोज फरार हो गया है।

बताया जाता है कि डुमरांव प्रखंड राजद अध्यक्ष और सोवा पंचायत के पूर्व मुखिया मनोज कुमार नशे में धुत होकर शुक्रवार की देर रात कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के नोनिया डेरा में सड़क पर गली-गलौच कर रहा था। इसी दौरान शोर सुनकर पुलिस का गश्ती दल घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने जब मनोज को हिरासत में लेना चाहा तो उसके समर्थक भिड़ गए।

समर्थकों ने पुलिस पर हमलाकर मनोज को छुड़ा लिया और फरार हो गए। वारदात में एक जमादार गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। जिसका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस उक्त गांव में छापेमारी कर रही है। शनिवार की सुबह तक 19 लोग हिरासत में लिए गए हैं। मुख्य अभियुक्त मनोज अबतक फरार है।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST