CAA को लेकर 250 प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी BJP, घर-घर जाकर कानून के बारे में समझाएगी

नई दिल्ली । नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशव्यापी विरोध के बीच भारतीय जनता पार्टी ने बड़े पैमाने पर कैंपेन चलाने की योजना बनाई है। भाजपा ने आरोप लगाया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर विपक्ष और मुख्यत: कांग्रेस द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। पार्टी विपक्ष की भ्रम और झूठ की राजनीति का जवाब देने के लिए 10 दिनों का एक विशेष अभियान चलाएगी और तीन करोड़ से ज्यादा परिवारों से संपर्क करेगी।
भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने संवाददाताओं से कहा, 'नागरिकता संशोधन अधिनियम पर विपक्ष और मुख्यत: कांग्रेस द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। विपक्ष द्वारा भ्रम और झूठ की राजनीति की जा रही है, उसका हम जवाब देंगे।'

भाजपा का कांग्रेस से सवाल

उन्होंने कहा, 'मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 2003 में बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने की अपील की थी? क्या कांग्रेस देश में आगजनी और उपद्रव का समर्थन करती है? क्या एक प्रमुख विपक्षी दल इस विषय पर भारत के बाहर दूतावास पर प्रदर्शन करता है, क्या वह इस नीति को उचित मानते हैं?'
धार्मिक प्रताड़ना के शिकार लोगों को नई आशा
यादव ने कहा कि भाजपा का मानना है कि नागरिकता संशोधन कानून के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धार्मिक प्रताड़ना के शिकार हुए अनेक लोगों को नई आशा, विश्वास, सुरक्षा, आस्था, गरिमापूर्ण जीवन देने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा, 'हमारी पार्टी ने तय किया है कि आने वाले 10 दिनों में एक विशेष अभियान चलाकर घर-घर जाकर नागरिकता संशोधन कानून के संदर्भ में तीन करोड़ से ज्यादा परिवारों से संपर्क करेंगे।'
हर जिले में रैली और सभा 
भाजपा महासचिव ने कहा कि इस कानून के पक्ष में हर जिले में रैली और सभा की जाएंगी। 250 से ज्यादा स्थानों पर पार्टी पत्रकार वार्ता करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि देश के 1,101 शिक्षाविदों ने अपने हस्ताक्षर के द्वारा इस कानून का समर्थन किया है। अनेक विश्वविद्यालयों से इस संदर्भ में पत्र प्राप्त हुए हैं।

Post a Comment

और नया पुराने

BIHAR

LATEST